रिपोर्ट- अमित कुमार!
पटना, 30 अक्टूबर 2024: बिहार के ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी ने आज अपने सरकारी आवास 02 पोलो रोड, पटना में कौशल नगर के जरूरतमंद बच्चों के साथ दीपावली का पर्व मनाया। इस मौके पर मंत्री चौधरी ने बच्चों को पठन-पाठन सामग्री, दीपक और मिठाई का वितरण किया और सभी को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
श्री चौधरी ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े परिवारों को खुशियों में शामिल करना उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने दीप जलाकर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन किया और उनके विचारों को साझा करते हुए कहा कि शिक्षा समाज और व्यक्ति के विकास का सबसे सशक्त साधन है।
मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले 18 वर्षों में “न्याय के साथ विकास” की अवधारणा के तहत समाज के वंचित वर्गों को शिक्षा का अधिकार देकर सशक्त बनाने का कार्य किया है। बिहार की सांस्कृतिक विरासत और प्रगति के इस सफर में हर वर्ग की सहभागिता पर बल दिया गया है।
इस अवसर पर जदयू के प्रदेश महासचिव छोटू सिंह, शिवशंकर निषाद, और कौशल नगर के वार्ड पार्षद आशीष कुमार उर्फ शंकर रजक भी उपस्थित रहे।




