:- रवि शंकर अमित!
अयोध्या धाम में इस साल मन रही ऐतिहासिक दीपावली : डॉ. दिलीप जायसवाल
अयोध्या का बिहार से खास रिश्ता : डॉ. दिलीप जायसवाल
यह दीपावली लोगों के जीवन को करेगी रोशन : डॉ. दिलीप जायसवाल
पटना, 30 अक्टूबर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने प्रकाशपर्व दीपावली के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए प्रभु श्रीराम से उनकी सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह दीपावली खास है। इस साल अयोध्याधाम में भगवान श्रीरामलला की पावन जन्मभूमि पर बने नव्य-भव्य-दिव्य मन्दिर में भी असंख्य दीप प्रज्ज्वलित होंगे। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व भारत की सनातन धर्म की परम्परा का एक महत्वपूर्ण पर्व है।
उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के 14 वर्ष के वनवास के उपरान्त अयोध्या आगमन और रामराज के शुभारम्भ की स्मृति स्वरूप आज से हजारों वर्ष पहले पूरे भरतखण्ड में श्रद्धालुओं द्वारा दीपमालाओं से अपने-अपने घरों को सजा करके इस पर्व को मनाना प्रारम्भ किया गया।
उन्होंने कहा कि अयोध्या का बिहार से खास रिश्ता है। माँ जानकी की जन्मस्थली सीतामढ़ी के पुनौरा धाम के विकास के लिए भी सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार पुनौरा धाम को पुनर्प्रतिष्ठित कर, सम्पूर्ण विश्व समुदाय को इसकी महिमा से परिचित कराने का कार्य करेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि यह दीपावली प्रदेश और देशवासियों के जीवन को रौशन करेगी।




