:- रवि शंकर शर्मा!
बाढ़ अनुमंडल के बाढ़ थाना अंतर्गत दयाचक के नया टोला में एक महिला की पीट पीट कर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान सरिता देवी(55) के रूप में हुई है। मृतका के लड़के गोलू कुमार पर उसके पड़ोसी ने देर रात लड़की को भगाकर ले जाने का आरोप लगाया था। मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है। डायल 112 को सूचना दी गई, डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची है।
लोगों का कहना है कि दयाचक के नया टोला में गोलू कुमार और पड़ोस में रहने वाली एक लड़की के बीच कई महीनो से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कल देर रात 3:00 बजे से लड़की घर से गायब है। सुबह लड़की के कमरे की खिड़की खुली थी। लड़की के परिजनों का आरोप है कि पड़ोसी गोलू कुमार उनकी लड़की को भगा कर ले गया है। वह पहले भी लड़की को परेशान करता रहा है। इससे पहले भी इस मामले को लेकर दोनों पक्ष में कई बार मारपीट की घटना हो चुकी है। जब लड़की सुबह तक वापस नहीं लौटी, तब श्याम यादव के परिजनों ने उसे खोजना शुरू किया। रास्ते में ही ओम राम की पत्नी सुबह किसी काम से घर से निकली थी। श्याम यादव के परिजनों ने उसपर हमला कर दिया। उसे बुरी तरह से घर के पास पीटा गया। अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतका के परिजनों ने बताया कि लड़की के भाग जाने की हमलोगों को कोई जानकारी नहीं है। देर रात्रि से ही आरोप लगाकर लड़की के परिजन खोजबीन कर रहे थे। सुबह जब मृतका घर से निकली तो घात लगाए लड़की के परिजनों ने पीट-पीट कर हत्या कर दी। इससे पहले भी लड़की कई बार घर से भाग चुकी है।




