रिपोर्ट- अमित कुमार!
पटना, 02 अक्टूबर : महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर आज पूरे बिहार में बापू को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गांधी मैदान स्थित गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर कई मंत्रियों और गणमान्य लोगों ने भी बापू को याद करते हुए उनके विचारों और आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।
इसके बाद पटना के शास्त्रीनगर पार्क में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। मुख्यमंत्री ने शास्त्री जी की सादगी और राष्ट्रीय एकता के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और कई अन्य मंत्रियों ने भी शास्त्री जी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा इस अवसर पर बिहार गीत और देशभक्ति गीतों का आयोजन भी किया गया, जिससे माहौल और भी भावपूर्ण हो गया।




