रिपोर्ट- संतोष तिवारी
बाजार समिति अहियापुर स्थित मतगणना केंद्र पर जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों की संयुक्त ब्रीफिंग की गई
मुजफ्फरपुर
निर्वाचन आयोग के मानक एवं दिशा निर्देश के अनुरूप मुजफ्फरपुर एवं वैशाली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतगणना का कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शांतिपूर्ण रूप में 4जून को बाजार समिति अहियापुर स्थित मतगणना केंद्र पर संपन्न होगा। इस कार्य के सफल एवं सुचारु संपादन सुनिश्चित करने हेतु जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुमार ने अहियापुर स्थित बाजार समिति परिसर में सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं मतगणना कर्मियों की ब्रीफिंग की गई तथा उन्हें आवश्यक निर्देश दिया गया।
अधिकारीद्वय ने मतगणना ड्यूटी में तैनात दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को अपने-अपने ड्यूटी पर ससमय उपस्थित होने तथा अपने निर्धारित कर्तव्य का पूरी ईमानदारी ,जवाबदेही एवं निष्ठा से निष्पादन करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मात्र पासधारक व्यक्ति को ही मतगणना परिसर में प्रवेश की अनुमति दी गई है। प्रवेश द्वार पर सभी की कड़ाई से फ्रिस्किंग की जाएगी। मोबाइल ले जाने पर रोक लगाया गया है। मतगणना परिसर के भीतर एवं बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है तथा महत्वपूर्ण जगहों को चिन्हित करते हुए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी अधिकारियों को सावधान एवं सतर्क रहने तथा सक्रिय एवं तत्पर होकर विधि व्यवस्था संधारण करने का सख्त निर्देश दिया गया है। जगह-जगह पर करीब 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे अधिष्टापित किए गए हैं जिसके द्वारा सुरक्षा व्यवस्था की सतत एवं प्रभावी मॉनिटरिंग की जाएगी। वाहनों को परिसर के भीतर प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई है। इसके अनुपालन हेतु गेट पर उपस्थित दंडाधिकारी एवं पुलिस अधिकारी को सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है।
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के मानक के अनुरूप मतगणना की संपूर्ण प्रक्रिया से सभी को अवगत कराया गया । परिसर के भीतर मीडिया सेंटर बनाया गया हैं। सभी मीडिया बंधुओं को मीडिया सेंटर में ही रहना है । दोनों संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के लिए विधानसभा वार मतगणना कक्ष बनाए गए हैं तथा पर्याप्त संख्या में कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। आवश्यक सहयोग प्रदान करने हेतु नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। गर्मी के प्रभाव को देखते हुए जिलाधिकारी ने मतगणना परिसर में पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने तथा महिला एवं पुरुष के लिए अलग-अलग शौचालय यूरिनल एवं वॉशरूम बनाने का निर्देश कार्यपालक अभियंता पीएचईडी को दिया है।
ब्रीफिंग के दौरान उप विकास आयुक्त श्री आशुतोष द्विवेदी, नगर आयुक्त श्री नवीन कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक श्री अवधेश दीक्षित, अपर समाहर्ता राजस्व श्री संजीव कुमार, अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था श्री सुधीर कुमार सिंहा, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन श्री मनोज कुमार सहित कई अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।




