कैमूर/भभुआ(ब्रजेश दुबे):
कैमूर जिले के मोहनियां थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनिया बाजार के वार्ड 10 में गुरुवार को एक कपड़ा व्यवसाई का फासी के फंदे से लटका हुआ शव पुलिस ने बरामद किया है। मृतक रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र अंतर्गत चोरबड्डी सुतली गांव निवासी हरी नारायण जायसवाल के 35 वर्षीय पुत्र रामानंद जायसवाल बताया जा रहा है। पुलिस के द्वारा शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया गया। मीली जानकारी के अनुसार मृतक मोहनिया के वार्ड 10 में मुन्ना जायसवाल के मकान में रह कर कपड़ा का व्यवसाय करता था। गुरुवार को सुबह जब उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो मकान मालिक के द्वारा दरवाजा खुलवाया गया। लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था वह नहीं खुला। इसके बाद मकान मालिक एवं स्थानीय लोगों के द्वारा इसकी सूचना मोहनिया पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई जहां पर घर का दरवाजा तोड़ा गया तो उसके अंदर फांसी के फंदे से लटका हुआ शव पाया गया। इसके बाद शव को उतार कर पुलिस के द्वारा आगे की कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआं भेज दिया गया।




