रिपोर्ट -पुरूषोतम कुमार
जमुई जिला के सिकंदरा थाना क्षेत्र में रामपुर के पास से लूटी गई बाइक सहित तीन बाइक को पुलिस ने किया जब्त, दो मोबाइल के साथ दो लुटेरा भी गिरफ्तार
जमुई जिला के सिकंदरा पुलिस ने तीन दिन पूर्व हुए बाइक लूट कांड का उद्भेदन करते हुए लूट की घटना में शामिल दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया. इस दौरान पुलिस ने लूटी गई बाइक के साथ लूट में प्रयुक्त दो अन्य बाइक समेत लुटे गए ₹2000 को भी बरामद करने में सफलता हासिल की है. इस संबंध में एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार ने रविवार को सिकंदरा थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि बीते 10 अगस्त को सिकंदरा नवादा मुख्य मार्ग पर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव के समीप अपराधियों ने हथियार के बल पर कौवाकोल थाना क्षेत्र के पाली गांव निवासी निशांत गौरव का अपाचे बाइक लूट लिया था. इस दौरान हथियारबंद अपराधियों ने फायरिंग करते हुए निशांत गौरव से ₹6000 नगद समेत ओप्पो कंपनी का एक एंड्राइड मोबाइल भी लूट लिया था. घटना के उपरांत अपराधियों के धर पकड़ को लेकर पुलिस अधीक्षक शौर्य सुमन के द्वारा एसडीपीओ डॉ राकेश कुमार के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम का गठन किया गया. स्पेशल टीम में पुलिस निरीक्षक श्रीकांत कुमार, थाना अधक्ष विजय कुमार, अवर निरीक्षक मुकेश कुमार समेत कई जवान शामिल थे. स्पेशल टीम में शामिल पुलिस पदाधिकारियों ने वैज्ञानिक अनुसंधान करते हुए टेक्निकल सेल के सहयोग से घटना का उद्भेदन करते हुए लूटी गई अपाचे बाइक BR27Q 7067 को शेखपुरा जिला के जमालपुर बीघा गांव से बरामद कर लिया. इस दौरान पुलिस ने घटना में शामिल शेखपुरा जिला के जमालपुर गांव निवासी अपराधी सुमित कुमार पिता अवध किशोर शर्मा एवं प्रेम कुमार पिता सतीश प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया. वहीं पुलिस ने छापेमारी के दौरान लूट की घटना में प्रयुक्त 2 पल्सर बाइक समेत लूटे गए ₹2000 को भी बरामद कर लिया. एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ के क्रम में गिरफ्तार अपराधियों ने लूट की घटना में दो अन्य लोगों के शामिल होने की बात स्वीकार की है. जिसके आधार पर दोनों फरार अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई की जा रही है. इस मौके पर पुलिस निरीक्षक श्रीकांत कुमार, थानाध्यक्ष विजय कुमार, अवर निरीक्षक मुकेश कुमार समेत कई पुलिस पदाधिकारी व जवान उपस्थित थे.
वाइट -जमुई एसडीपीओ डॉ राकेश कुमार




