रिपोर्ट अनमोल कुमार
सीएम नीतीश ने कहा है-एक-एक चीज की रिपोर्ट चाहिए
पटना : तमिलनाडु में बिहारी मजदूरों पर कथित हिंसा के मामले में शनिवार को बिहार से चार सदस्यीय जांच टीम चेन्नई पहुंची हैं। वहां पहुंचने के बाद ग्रामीण विकास विभाग के सचिव बाला मुरुगन डी ने कहा कि हम तमिलनाडु सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने यहां पहुंचे हैं। इसके साथ ही यहां काम करने वाले बिहार के लोगों को आश्वस्त करने आए हैं। हम लोगों को आश्वासन देंगे कि बिहार सरकार उनके कल्याण के लिए है। हमें तमिलनाडु सरकार से पूरा समर्थन मिल रहा है। हम और जगहों का दौरा करेंगे। बता दें कि तमिलनाडु मामले को लेकर बिहार में खूब बवाल मचा हुआ है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि उनको न्यूज चैनल और अखबार के जरिए इस बात की जानकारी मिली, जिसके बाद तुरंत टीम को वहां के लिए रवाना किया गया। इस मामले में राजनीति भी गरमाई हुई है। बीजेपी के कुछ नेताओं ने नीतीश कुमार के साथ इस मामले को लेकर बैठक की थी। इसी को लेकर बिहार के वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में टीम वहां गई है।
टीम उन क्षेत्रों का दौरा करेगी, जहां से खबरें आईं थी कि बिहारी कामगारों पर हमला किया जा रहा है। बताया जा रहा कि बिहार सरकार ने जिन चार अधिकारी को भेजा है, उसमें दो मूल रूप से तमिलनाडु के रहने वाले हैं ताकि वहां की भाषा समझने में कोई समस्या न हो इसलिए दो इधर और दो उधर के लोगों को चार सदस्यीय जांच टीम में रखा गया। वहां से कहा जा रहा कि एक-एक चीज की रिपोर्ट मुख्यमंत्री को देनी है। ये बात खुद नीतीश कुमार ने कही है कि हर चीज उनको रिपोर्ट की जाए।




