रिपोर्ट अनमोल कुमार
एडीजी मुख्यालय की तरफ से मामले पर जांच टीम गठित
पटना : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बिहार के वैशाली जिले के जंदाहा में सेना के शहीद जवान के पिता के साथ पुलिस द्वारा मारपीट और गिरफ्तारी मामले की निंदा की है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से फोन पर बात कर घटना पर अपनी नाराजगी व्यक्त की है। वहीं, एडीजी मुख्यालय की तरफ से इस संबंध में कहा गया है कि लद्दाख के गलवान घाटी के शहीद हुए वैशाली के जवान के पिता के साथ प्रशासन के द्वारा गलत व्यवहार और जेल भेजने के मामले में जांच टीम का गठन किया गया है, रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। इस बीच, बिहार विधानसभा में बजट सत्र के तीसरे दिन भाजपा विधायकों ने इस मुद्दे पर नीतीश सरकार को आड़े हाथों लिया। भाजपा ने राज्य सरकार पर सेना के अपमान का आरोप लगाया है। नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि वैशाली में शहीद के पिता को जेल भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि सेना किसी पार्टी का नहीं, बल्कि देश का होता है। यह पूरे देश का अपमान है। बता दें कि यह मामला वैशाली जिले के जंदाहा थाना के चकफतह गांव का है। जहां शहीद का स्मारक बनाने को लेकर विवाद चल रहा था। शहीद सैनिक जयकिशोर सिंह के पिता राज कपूर सिंह को शनिवार रात जंदाहा थाने में SC/ST एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करने के बाद गिरफ्तार किया गया, जिसमें शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आरोपित अपने बेटे का स्मारक उनकी जमीन पर अवैध रूप से बनवा रहे थे।




