बिहार के शिक्षा मंत्री का ऐलान-तीन लाख शिक्षकों की होगी बहाली

SHARE:

रिपोर्ट अनमोल कुमार

कहा-नियोजन नियमावली पर हस्ताक्षर कर दिया, अब कैबिनेट में जाएगा
आंदोलनकारी अभ्यर्थियों ने कहा-आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करें

पटना : बिहार में सातवें चरण की शिक्षक नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। सूबे के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर ने शिक्षा विभाग में तीन लाख शिक्षकों की बहाली की मंजूरी दे दी है। यह जानकारी शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर के ट्विटर हैंडल से मिली है।शिक्षा मंत्री ने कहा कि इसकी मंजूरी मिल गई है। अब इसे कैबिनेट में भेजा जाएगा, फिर वहां से मुहर लग जाएगी। वहीं, आंदोलनकारी उम्‍मीदवारों का कहना है कि शिक्षा मंत्री को मुंहजबानी ऐलान की बजाय आधिकारिक नोटिफिकेशन चाहिए। शिक्षा मंत्री ने ट्वीट में लिखा कि सातवें फेज में शिक्षक नियोजन नियमावली पर मैंने हस्ताक्षर कर दिया है, अब ये कैबिनेट में जाएगा। 2023 में शिक्षा विभाग में 3 लाख से अधिक नौकरी मिलेंगी। महागठबंधन सरकार ने 10 लाख नौकरी का जो वादा किया है, हम उसपर क़ायम हैं और उसे पूरा करके दिखाएंगे। बता दें कि बिहार में शिक्षकों की बहाली को लेकर अभ्यर्थी पिछले कई महीने से आंदोलन कर रहे हैं। वो लगातार सातवें चरण की शिक्षक बहाली की मांग कर रहे हैं। इन सब के बीच शुक्रवार को शिक्षा मंत्री ने ट्वीट कर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार ने नौकरियों का जो वादा किया था, हम उसपर क़ायम हैं और उसे पूरा करके दिखाएंगे। गौरतलब है कि बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने 15 अगस्‍त, 2022 को राज्‍य में 20 लाख भर्तियों की बात कही थी। शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर ने कहा था कि इन 20 लाख में से साढ़े तीन लाख भर्तियां अकेले शिक्षा विभाग में की जाएंगी। वहीं प्रदर्शनकारी उम्‍मीदवारों का कहना था कि बीते 3 साल से 7वें चरण की शिक्षक बहाली अटकी हुई है।

Join us on:

Leave a Comment