बिहार के रैन बसेरों में लगेंगे CCTV, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट्स व वाई-फाई : तेजस्वी!

SHARE:

रिपोर्ट अनमोल कुमार

औचक निरीक्षण में ठिठुरते लोगों को दिए अपने कोष से कंबल
रिक्शा-ठेले वालों के लिए अलग इंतजाम करने को कहा
बसेरों का लाभ उठाने के लिए प्रक्रिया सरल बनाने के निर्देश

पटना : बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने पटना में मंगलवार देर रात रैन बसेरों का निरीक्षण किया और इंतजाम देखे। रैन बसेरों के निरीक्षण करने के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी की व्यवस्था की गई है। साथ ही मोबाइल चार्जिंग पॉइंट्स और वाई-फाई की व्यवस्था भी रैन बसेरे में की जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था करने के निर्देश भी हमने दे दिए हैं।
तेजस्वी यादव ने पटना के रैन बसेरों का औचक निरीक्षण के दौरान ठंड से ठिठुरते लोगों के बीच कंबल भी बांटे। उन्होंने कहा कि कड़ाके की सर्दी गरीब भाइयों के लिए समस्या उत्पन्न न करें, इसके लिए हमारी सरकार ने रैन बसेरों के साथ ही अस्थायी आश्रय स्थलों के इंतजाम किए हैं, जो पूरी तरह मुफ्त हैं।
डिप्टी सीएम ने इस दौरान लोगों से बात कर इंतजाम के संबंध में जानकारी भी ली और संबंधित अधिकारियों को ये निर्देश भी दिए कि उन कमियों को तत्काल दूर किया जाए। उन्होंने सड़क किनारे फुटपाथ, पुल-फ्लाई ओवर के नीचे कड़ाके की ठंड में ठिठुरते लोगों को अपने कोष से कंबल दिए।
तेजस्वी यादव ने कहा कि रैन बसेरों और आश्रय स्थलों में बिस्तर और कंबल की व्यवस्था की गई है। रैन बसेरों को आसपास के शौचालयों से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि जहां आसपास शौचालय नहीं हैं, वहां अलग से शौचालयों की व्यवस्था की गई है। डिप्टी सीएम के मुताबिक सभी रैन बसेरों में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था है। जरूरी सामान रखने के लिए सभी लोगों के लिए अलग बक्से की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया है।
तेजस्वी यादव ने कहा है कि जो भाई अपने रिक्शा, ठेले और अन्य वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते हैं और रैन बसेरों की सुविधा का लाभ नहीं ले पा रहे हैं, उनके लिए अलग से व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि आश्रय स्थलों की संख्या लगातार बढ़ाई जा रही है। रैन बसेरों का लाभ उठाने के लिए प्रक्रिया सरल बनाने के निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।

Join us on:

Leave a Comment