रिपोर्ट अनमोल कुमार
कांग्रेस के शकील अहमद व राजद विधायक भाई वीरेंद्र से भी माफी मांगने को कहा
स्पीकर अवध बिहारी पर भी लगाया सत्ता का पक्ष लेने का आरोप
नई दिल्ली/पटना : बिहार विधानसभा में नेता विपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने लखीसराय जिले में उनके करीबी रिश्तेदार के घर के आसपास से 108 कार्टून शराब जब्ती के आरोप से इनकार किया और महागठबंधन के नेताओं से माफी मांगने की बात कही। सिन्हा ने कहा कि अगर वे माफी नहीं मांगते हैं तो वह उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, कांग्रेस विधायक शकील अहमद खान और राजद विधायक भाई वीरेंद्र के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे। भाजपा नेता विजय सिन्हा ने कहा कि मेरे करीबी रिश्तेदार के घर के आसपास से भारी मात्रा में शराब जब्त करने के बारे में डिप्टी सीएम सहित महागठबंधन के नेताओं द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं। स्थानीय पुलिस पहले से ही मामले की जांच कर रही है और एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है। सिन्हा ने आरोप लगाया कि गिरफ्तार हुए व्यक्ति का जदयू से संबंध है।
विजय सिन्हा ने कहा कि आरोपी का मेरे परिवार के सदस्यों या मेरे रिश्तेदारों से कोई संबंध नहीं है। महागठबंधन के नेता सिर्फ मेरी छवि को धूमिल कर रहे हैं। मैं सारण में जहरीली शराब से मौतों और राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था का मुद्दा उठा रहा हूं तो सत्ता पक्ष नेता आधारहीन आरोप लगा रहे हैं। अगर वे माफी नहीं मांगते हैं तो मैं उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करूंगा। सिन्हा ने विधानसभा स्पीकर अवध बिहारी चौधरी पर भी सत्ता का पक्ष लेने का आरोप लगाया और कहा कि वह सरकार की तरह व्यवहार कर रहे हैं।
विधानसभा में कांग्रेस MLA शकील ने उठाया था मुद्दा
बता दें कि बिहार विधानसभा में कांग्रेस विधायक शकील अहमद ने लखीसराय में जब्त की गई 108 कार्टून शराब मामले नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा की भूमिका का आरोप लगाया था। इसे लेकर उन्होंने स्पीकर से इसकी जांच कराने की मांग की थी। इसके बाद स्पीकर ने सरकार को विजय सिन्हा के खिलाफ जांच की अनुमति दे दी थी।




