रवि शंकर शर्मा :-
कविता रेत में फूल उगाती है : डीआईजी सुनीत कुमार राय.
12 नवंबर। समूह केंद्र, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल मोकामा घाट के प्रेक्षागृह में आयोजित युवा कवि आनंद शंकर की सौ प्रेम- कविताओं की संग्रह वाली पहली काव्य पुस्तक “अनमोल तेरी चाहत” का लोकार्पण सह कवि-सम्मेलन का उद्धघाटन करते हुए मुख्य अतिथि डीआईजी सुनीत कुमार राय ने कहा कि कविता में इतनी सरसता और प्रभावोत्पादकता है कि वह रेत में फूल उगाती है। प्रेम ईश्वर का दिया हुआ अनमोल उपहार है, जिस पर यह संसार टिका हुआ है। कवि, शिक्षक, किसान और जवान अपनी ऊर्जा से समाज को स्वस्थ और सुंदर बनाते हैं। स्वागत करते हुए कार्यक्रम के संयोजक कमांडेंट आफिसर प्रवीण कुमार शर्मा ने कहा कि रचनाकार मनुष्यों में चुनौतियों से निपटने का न सिर्फ हौसला भरते हैं, बल्कि पंथ भी प्रशस्त करते हैं।कलम में दुनिया को बदलने की अद्भुत क्षमता निहित है। संचालन करते हुए संझाबाती पत्रिका के संपादक सह कवि-कथाकार हेमंत कुमार ने कहा कि प्रेम वह कुंजी है, जिससे सभी तरह की समस्याओं का समाधान कर शोषणविहीन समरस समाज का निर्माण किया जा सकता है। कवि- सम्मेलन में अजय कुमार शिक्षक, प्रमोद कुमार, हेमंत कुमार,आनंद शंकर, भाई वालेश्वर, इंस्पेक्टर सिविल अभय तिवारी, प्रमोद कुमार ‘अंजन’, पारस कुमार, मोहन कुमार, राजीव नयन एवं राजीव रंजन आदि कलमकारों ने अपनी एक से एक प्रतिनिधि रचनाएं सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। राष्ट्र गान के साथ कवि- सम्मेलन का समापन हुआ।
Byte :- प्रवीण कुमार, कमांडेंट




