पुलिस पर जानलेवा हमला, छपरा में दो पुलिसकर्मियों को मारा चाकू!

SHARE:

रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-

दोनों घायल अस्पताल में भर्ती, दबोचे गए बदमाश

छपरा : बिहार में आम जनता की क्या कहे पुलिस तक पर हमले के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा घटना में छपरा शहर से सटे मुफस्सिल थाना इलाके में शुक्रवार रात बदमाशों ने दो पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में घायल पुलिसकर्मियों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद पुलिस ने हमलावर दोनों बदमाशों को दबोच लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक, मुफस्सिल थाना इलाके के रामनगर में पुलिस के दो जवान झपट्टामार गिरोह के लोगों की धरपकड़ के लिए छापेमारी करने पहुंचे थे। तभी दो बदमाशों ने उनपर चाकू से हमला कर दिया। दोनों जवान घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद स्थानीय लोग घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल ले गए। घायल दोनों जवान के नाम विवेकानंद और अजीत कुमार यादव है। हालांकि, पुलिस ने दोनों बदमाशों को कुछ देर बाद ही गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पर हमले जारी
बता दें कि 10 दिन पहले ही सीवान जिले सिसवन थाना इलाके में शराब के धंधेबाजों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर अपराधियों ने फायरिंग कर दी थी, जिसमें एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। इसके अलावा पिछले महीने पटना में भी अपराधियों को पकड़ने गए पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया और जवान किसी तरह वहां से जान-बचाकर भाग निकलने में सफल रहे।

Join us on:

Leave a Comment