अनुज पांडेय की रिपोर्ट :-
संवाददाता, भोरे
थाना क्षेत्र के लखरांव बाग में भोरे-मीरगंज मुख्य पथ पर एक बाइक की ठोकर से हथुआ राज के लखरांव बाग के इंचार्ज की मौत हो गई. मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाइक चला रहे युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. बता दें कि मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के दुबहा बुजुर्ग गांव निवासी ज्वाला ठाकुर हथुआ राज के लखरांव बाग के इंचार्ज के रूप में वर्षों से काम कर रहे थे. शुक्रवार की देर शाम वे शौच के लिए शिव मंदिर से बाहर निकले. उसी समय विपरीत दिशा से आ रहे एक बाइक सवार युवक ने उन्हें ठोकर मार दी. जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया. जबकि घायल ज्वाला ठाकुर को इलाज के लिए भोरे रेफरल अस्पताल पहुंचाया. जहां से डॉक्टरों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. अस्पताल जाने के क्रम में मीरगंज के समीप उनकी मौत हो गयी. घटना को लेकर उनके पुत्र अश्विनी कुमार ठाकुर के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की बाइक चला रहे थाना क्षेत्र के लुहसी गांव के राहुल कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.




