अब तेजस्वी व तेज प्रताप की विभागीय मीटिंग विवादों में!

SHARE:

रिपोर्ट -अनमोल कुमार:-

एक ने अपने सलाहकार को तो दूसरे ने जीजा को साथ बैठाया
जबकि विभाग की बैठक में बाहरी को बैठने की इजाजत नहीं
पटना : नीतीश कुमार की नई महागठबंधन सरकार गठन के साथ ही एक पर एक विवादों में घिर रही हैं। मंत्री बने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के दोनों बेटों को लेकर अब एक नया विवाद छिड़ गया है। डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के करीबी संजय यादव स्वास्थ्य विभाग की आधिकारिक बैठक में नजर आए, जबकि उनके पास कोई सरकारी पद नहीं है। इससे पहले वन एवं पर्यावरण मंत्री तेज प्रताप यादव के साथ विभागीय बैठक में उनके जीजा शैलेश कुमार के नजर आने पर भी विवाद उठा और भाजपा ने तंज भी कसा।

स्वास्थ्य विभाग का पदभार ग्रहण करने के बाद डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। इसमें उनके राजनीतिक सलाहकार संजय यादव भी बैठे हुए नजर आए। जबकि उनके पास कोई सरकारी पद नहीं है। विभागीय बैठक में सिर्फ मंत्री और विभागीय अधिकारियों को ही बैठने की अनुमति होती है।
तेज ने संजय पर लगाए थे हत्या की साजिश के आरोप
गौरतलब है कि एक साल पहले तेज प्रताप यादव ने संजय यादव पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि तेजस्वी के करीबी संजय यादव ने उनके तीन बॉडीगार्ड का मोबाइल फोन बंद करा दिया। उन्हें जान से मारने की साजिश रची। इसके अलावा तारापुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के दौरान संजय यादव के निर्दलीय चुनाव लड़ने की भी खबर आई थी। हालांकि बाद में उन्होंने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली थी।
तेज प्रताप यादव ने हाल ही में पर्यावरण विभाग की बैठक में अपनी सबसे बड़ी बहन मीसा भारती के पति शैलेश कुमार को साथ बैठाया। इस पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता निखिल आनंद ने तंज कसते हुए कहा कि शैलेश की बदौलत तेज प्रताप बेस्ट मिनिस्टर बनने की सोच रहे हैं।

Join us on:

Leave a Comment