रिपोर्ट -अनमोल कुमार!
पटना : बिहार में बदले सियासी समीकरण और नई सरकार के गठन के बाद पहली बार राजद सुप्रीमो लालू यादव आज शाम पटना पहुंच रहे हैं। माना जा रहा है कि वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात भी कर सकते हैं। राजद-जदयू के साथ आने के बाद यह नीतीश और लालू यादव में पहली मुलाकात होगी। सियासी गलियारे में इन दोनों नेताओं की मुलाकात को दिलचस्प माना जा रहा है। हालांकि लालू यादव कैबिनेट विस्तार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए आने वाले थे लेकिन तबियत खराब होने की वजह से वे दिल्ली से पटना नहीं पहुंच सके थे। बता दें कि एम्स से डिस्चार्ज होने के बाद वे अपनी बड़ी बेटी राज्यसभा सदस्य मीसा भारती के दिल्ली स्थित आवास पर स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं।
तेजस्वी की बढ़ रहीं मुश्किलें
वहीं, तेजस्वी यादव के उप मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी मुश्किलें भी बढ़तीं दिख रही हैं। जहां सीबीआई ने कोर्ट में हलफनामा दायर कर आईआरसीटीसी घोटाले में ट्रायल तेज करने की मांग की है। सीबीआई ने इस मामले में तेजस्वी यादव समेत अन्य को दोषी बनाया है। वहीं एमपी एमएलए कोर्ट में तेजस्वी के खिलाफ परिवाद दायर किया गया है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को लेकर अमर्यादित ट्वीट करने पर भाजपा नेता दिव्यांशु किशोर ने यह मामला दर्ज कराया है। इस पर 25 अगस्त को सुनवाई की तिथि निर्धारित है।




