नेपाल निर्मित शराब तस्करी की जाल को जयनगर पुलिस ने पकड़ा, 2790 लीटर शराब किया बरामद!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

कमलानदी के रास्ते बाईपास से जा रही नेपाल निर्मित शराब की बड़ी खेप को पुलिस ने पकड़ा

मधुबनी जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत डोरवाड़ गांव के नजदीक स्थित टेढ़ा घाट से जयनगर थाना पुलिस ने भारी मात्रा मे नेपाल निर्मित शराब का जखीरा बरामद किया है। डीएसपी सदानंद कुमार के निर्देश और गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए छापेमारी अभियान में कमलानदी के पानी में छिपाकर प्लास्टिक की बोरी में छिपा कर रखी गई नेपाल निर्मित तैरती बड़ी मात्रा में देसी व विदेशी शराब बरामद की गई। कुल पकड़ी गई शराब की मात्रा लगभग 2790 लीटर आंकी गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने तस्करी के एक बड़े गिरोह के सक्रिय होने की आशंका जताई है। छापेमारी को थानाध्यक्ष रमन कुमार के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। इस ऑपरेशन टीम में एसआई सुरज कुमार के साथ राहुल कुमार, विकास कुमार, श्याम कुमार एवं अन्य कर्मी शामिल रहे। मौके पर पुलिस निरीक्षक बिजेंद्र कुमार व ब्रजेश समेत अन्य पुलिस बल भी उपस्थित रहे। आगे डीएसपी सदानंद कुमार ने बताया है कि सूचना के मुताबिक तस्कर नए- नए पैतरे अपनाकर नेपाल से नदी के रास्ते शराब को जयनगर अनुमंडल क्षेत्र के आसपास से तस्करी कर रहे थे। प्लास्टिक बोरी में पैक कर नदी में तैराकर सीमापार से माल पहुँचाया जा रहा था, जिसे पुलिस ने सफलतापूर्वक रोका और पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर विधिक प्रक्रिया के अंतर्गत माल का हिसाब- जोखा कर लिया है और आगे की जांच तेज कर दी है। डीएसपी ने कहा कि तस्करों के संपर्कों व सप्लाई चैन का पता लगाने के लिए डीएसपी कार्यालय और स्थानीय थाना संयुक्त रूप से सर्विलांस बढ़ा रहा है। गिरफ्तारियों के लिए छानबीन जारी है और प्रारंभिक पूछताछ में तस्करी के नेटवर्क के कई सुराग मिले हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और कहा कि सीमावर्ती इलाकों में तस्करी रोकने से सामाजिक और आर्थिक व्यवस्था पर सकारात्मक असर पड़ेगा। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें। पुलिस के उपक्रम से उम्मीद जताई जा रही है कि आगामी दिनों में इस गिरोह के अन्य सक्रिय सदस्यों की पहचान कर गिरफ्तारियां संभव होंगी और सीमा पार से हो रही शराब तस्करी पर कड़ा प्रहार होगा। मामले में आगे की जानकारी उपलब्ध होते ही अपडेट जारी किया जाएगा।

Join us on: