कटिहार – बकरी भैंस को बचाने के दौरान स्कॉर्पियो-ट्रक में भीषण टक्कर, 8 लोगों की हालत गंभीर!

SHARE:

रिपोर्ट – प्रिंस कुमार!

समेली (कटिहार)। समेली प्रखंड क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर बखरी बालू टोला के समीप मंगलवार रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में स्कॉर्पियो पर सवार 10 यात्रियों में से 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल बरारी थाना क्षेत्र के शिशिया गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी यात्री खगड़िया जिले से लड़का का छेका (सगाई समारोह) कर स्कॉर्पियो से अपने घर शिशिया गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 9 बजे बखरी बालू टोला के समीप अचानक सड़क पार कर रही एक भैंस को बचाने के प्रयास में स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार कई लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पोठिया थाना के एसआई धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों एवं पुलिस की सहायता से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, समेली पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया।
चिकित्सकों के अनुसार कई घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए एंबुलेंस से कटिहार सदर अस्पताल रेफर किया जा रहा है। पुलिस ने दुर्घटना की सूचना घायलों के परिजनों को दूरभाष के माध्यम से दे दी है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात व्यवस्था सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।

Join us on: