कटिहार- पत्नी मायके गई तो टॉवर पर चढ़ बैठा युवक, 3 घंटे की कोशिश के बाद उतारा गया!

SHARE:

रिपोर्ट – प्रिंस कुमार!

:-  मामला कटिहार जिले के प्राणपुर थाना क्षेत्र के केवला गांव का है। बताया जा रहा है कि युवक साबिर की पत्नी काफी समय से मायके में रह रही थी और बार-बार समझाने के बावजूद ससुराल लौटने को तैयार नहीं थी। पत्नी की बेरुखी से परेशान साबिर ने ऐसा कदम उठा लिया जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। साबिर गांव में लगे एक ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और ऊपर से जोर-जोर से चिल्लाने लगा कि अगर उसकी पत्नी वापस नहीं आई तो वह जान दे देगा। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पहले लोग इसे तमाशा समझकर देखते रहे लेकिन जब युवक लगातार आत्महत्या की धमकी देने लगा तो लोगों ने तुरंत प्राणपुर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक युवक को समझाने की कोशिश करती रही। करीब तीन घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की समझाना रंग लाई और साबिर किसी तरह टावर से नीचे उतर आया। हालांकि नीचे आते ही उसने ऐसा दांव चला कि पुलिस भी देखते रह गई। पुलिस उसे हिरासत में ले पाती उससे पहले ही वह मौके से भाग निकला। फिलहाल इस पूरी घटना का वीडियो और चर्चाएं इलाके में तेजी से फैल रही हैं। गांव से लेकर शहर तक लोग इस अनोखे इश्क वाले ड्रामे की चर्चा कर रहे हैं। किसी ने इसे फिल्मी स्टाइल बताया तो किसी ने प्यार में पागलपन की हद। राहत की बात यह रही कि पूरे घटनाक्रम में कोई अप्रिय हादसा नहीं हुआ।

Join us on: