बिहार की समृद्धि से ही देश की उन्नति का मार्ग प्रशस्त होगा :- मुख्यमंत्री!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

मुख्य बिंदु :-

बैंक सी०डी० रेशियो को बढ़ाकर 100 प्रतिशत तक करने का प्रयास करें। सरकार ऋण का भुगतान सुनिश्चित करायेगी।

किसानों के संस्थागत ऋण को बढ़ावा दें और के०सी०सी० का लाभअधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाएं।

बिहार में उद्योग का जाल बिछाना है इसमें बैंकर्स का सहयोग आवश्यक है।

अगले 20 साल में बिहार इतना आगे बढ़ेगा कि अपने गौरवशाली इतिहास को पुनः प्राप्त कर लेगा।

पटना, 01 जुलाई 2026 : मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी आज भारतीय स्टेट बैंक के 71 वें बैंक दिवस समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने भारतीय स्टेट बैंक, पटना सर्किल द्वारा सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र स्थित ज्ञान भवन में आयोजित बैंक दिवस समारोह का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय स्टेट बैंक ने 71 साल पूरे किए हैं। इस अवसर पर मैं पूरे एस०बी०आई० परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। आप 171 साल तक इसी तरह बिहार और देश को आगे बढ़ाने में सहयोग करते रहिए। उन्होंने कहा कि बैंक सी०डी० रेशियो को बढ़ाकर 100 प्रतिशत तक करने का प्रयास करें। बैंकर्स को हम आश्वस्त करते हैं कि सरकार ऋण का भुगतान सुनिश्चित करायेगी। बिहार की समृद्धि से ही देश की उन्नति का मार्ग प्रशस्त होगा। 140 करोड़ भारतीयों में से 14 करोड़ बिहारवासी को आगे बढ़ाए बिना देश आगे नहीं बढ़ सकता। अगले 20 साल में बिहार इतना आगे बढ़ेगा कि अपने गौरवशाली इतिहास को पुनः प्राप्त कर लेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के संस्थागत ऋण को बढ़ावा दें तथा के०सी०सी० का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाएं। बिहार में उद्योग का जाल बिछाना है इसमें बैंकर्स का सहयोग आवश्यक है। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में बिहार के 1 करोड़ 87 लाख लोगों को विभिन्न सेक्टरों में सीधे रोजगार से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि दुनिया के अन्य देश टेक्नोलॉजी में भले आगे हो लेकिन भारत बैंकिंग सेवा में सबसे आगे है, जहां यू०पी०आई० के माध्यम से सर्वाधिक लोग राशि ट्रांसफर कर रहे हैं। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने जन-धन खाता खुलवाकर गरीब लोगों की पहुंच बैंक तक बनाई है। भारत में बैंकिंग सेवा अब पूरी तरह से डिजिटल हो चुकी है। हमको यदि अपने जीवन को सफल बनाना है, उद्योग और स्टार्टअप को बढ़ाना है तो हमें बैंकर्स के साथ जुड़ना ही होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंगेर से भागलपुर तक 83 किलोमीटर तथा दीघा से कोईलवर तक 39 किलोमीटर लंबा मरीन ड्राइव पी०पी०पी० मोड पर अगले तीन साल के अंदर तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित है। विकास और जनकल्याण के काम के लिए जो हमें सस्ता लोन देगा हम उसी से सहयोग लेंगे क्योंकि जनता को भी हमें जवाब देना पड़ता है। हमलोग बिहार के विभिन्न हिस्सों में 12 टाउनशिप विकसित कर रहे हैं, जिसमें एक लाख करोड रुपए का सीधा निवेश होगा। बिहार के विकास में आप अपना योगदान देते रहिये। मैं पुनः आप सभी को शुभकामनायें देता हूं।

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया पटना सर्किल के चीफ जनरल मैनेजर श्री अनुराग जोशी ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका स्वागत किया। भारतीय स्टेट बैंक से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मियों ने ताली बजाकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

इस अवसर पर विधायक सुश्री मैथिली ठाकुर, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, चीफ जनरल मैनेजर एस०बी०आई०, पटना सर्किल श्री अनुराग जोशी, जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के० शर्मा, अध्यक्ष एस०बी०आई० लेडीज क्लब पटना श्रीमती पूजा जोशी सहित भारतीय स्टेट बैंक से जुड़े अधिकारीगण एवं कर्मीगण उपस्थित थे।

Join us on: