रिपोर्ट – संतोष तिवारी!
शादी समारोह में हर्ष फायरिंग का जानलेवा शौक एक बार फिर बेगुनाहों पर भारी पड़ गया। मुजफ्फरपुर के साहेबगंज थाना क्षेत्र के परसौनी जहांगीर गांव में दुआर पर बारात पहुंचते ही जश्न के नाम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई।
कुछ ही सेकंड में खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया और तीन लोग गोलियों का शिकार हो गए। एक व्यक्ति को मेडिकल भर्ती कराया गया और दो घायल अभी लापता है । पुलिस घायल व्यक्ति की तलाश कर रही है ।
घटना के बाद शादी समारोह में भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को आनन-फानन में स्थानीय पीएचसी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद परसौनी जहांगीर निवासी 35 वर्षीय अनिल पासवान को गंभीर हालत में एसकेएमसीएच रेफर किया गया।
अनिल पेशे से टेंट व्यवसाय से जुड़े हैं और उनके पैर में गोली लगी थी। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर गोली निकाल दी है। वहीं, दो अन्य घायल बाराती निजी अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज जारी है।
साहेबगंज थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से हर्ष फायरिंग की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एक घायल को एसकेएमसीएच भेजा गया है, जबकि दो अन्य निजी अस्पताल में इलाजरत हैं। घायलों में एक स्थानीय निवासी और दो बाराती शामिल हैं। पुलिस फायरिंग करने वाले की पहचान में जुटी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। हर्ष फायरिंग की यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि दिखावे का यह खतरनाक शौक कभी भी किसी की जान ले सकता है।




