गयाजी – तेजस्वी यादव की बात का कोई महत्व नहीं – सतीश चंद्र दुबे का विपक्ष पर बड़ा हमला!

SHARE:

रिपोर्ट – अभिषेक कुमार!

गया पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, तेजस्वी यादव पर साधा निशाना; बोले– बिहार में उनकी बात का कोई महत्व नहीं
गया | केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे शुक्रवार को गया एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से वे शेरघाटी के स्थित संगठन के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुए, जहां वे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जीवनी पर आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करेंगे।
एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि यदि लालू प्रसाद यादव भाजपा से हाथ मिला लेते तो “चारा घोटाला नहीं, भाईचारा हो जाता।”
इस पर केंद्रीय मंत्री ने कहा, “उनके पास अब कोई काम नहीं बचा है। बिहार की जनता ने गलती से उन्हें एक सीट ज्यादा दे दी, नहीं तो वे विपक्ष के लायक भी नहीं रहते। वे सिर्फ अपनी राजनीति की दुकान चलाने के लिए ऐसे बयान देते रहते हैं। बिहार में उनकी बात का कोई महत्व नहीं है और न ही देश में कोई उनकी बात को गंभीरता से लेता है। उन्हें बोलने दीजिए, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।”
वहीं, मीडिया द्वारा रिशु श्री से जुड़े कथित घोटाले और उसमें अधिकारियों की संलिप्तता को लेकर पूछे गए सवाल पर सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा, “जांच चल रही है। जो भी दोषी होंगे, वे जेल जाएंगे।”
मीडिया से बातचीत के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे शेरघाटी के लिए रवाना हो गए, जहां वे संगठन के कार्यक्रम में भाग लेने के साथ युवाओं को संबोधित करेंगे।

बाइट : सतीश चंद्र दुबे, केंद्रीय राज्य मंत्री
रिपोर्ट: अभिषेक कुमार
गया

Join us on: