रिपोर्ट – मलय झा!
किशनगंज पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.5 किलोग्राम हेरोइन के साथ 3 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 करोड़ रुपये आंकी गई है। तस्करों के पास से 4 मोबाइल फोन और 9950 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।
एसपी संतोष कुमार को 28 जून 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि मादक पदार्थ तस्कर गिरोह बड़ी खेप लेकर मालदा से किशनगंज आ रहा है। सूचना पर एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में जिला आसूचना इकाई, एनडीपीएस यूनिट और किशनगंज थाना के अधिकारी शामिल थे।
विशेष टीम ने 28 जून को रामपुर चेक पोस्ट के पास वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान मालदा से आ रही एक बस से दो व्यक्ति उतरे और पहले से चेक पोस्ट पर खड़े तीसरे व्यक्ति के पास पहुंचे। पुलिस को देखकर तीनों भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उनके बैग से 1.5 किलो हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 1. फिरोज अंसारी 22 वर्ष, 2. अमजद अंसारी उर्फ इस्मता उर्फ गामा 28 वर्ष और 3. रहीस अंसारी उर्फ सागर साह 23 वर्ष के रूप में हुई है। तीनों लोहागारा इस्तमा टोला, वार्ड नं-05, थाना बहादुरगंज, किशनगंज के रहने वाले हैं।
पूछताछ में तस्करों ने कबूला कि वे सिंडिकेट बनाकर पश्चिम बंगाल के मालदा और किशनगंज के तस्करों के साथ मिलकर हेरोइन की खरीद-बिक्री करते हैं। यह खेप मालदा से बहादुरगंज ले जाई जा रही थी। पुलिस अब रैकेट से जुड़े मालदा और किशनगंज के अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
इस संबंध में किशनगंज थाना कांड संख्या-694/26, धारा 111 BNS एवं 8(C)/18(C)/21(C)/29/31 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है।




