खगड़िया जिले के सभी पंचयातों में सीएम के निर्देश पर डीएम ने किया विकास शिविर का आयोजन!

SHARE:


रिपोर्ट-विक्रम उपाध्याय/खगड़िया!


माननीय मुख्यमंत्री, बिहार के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित किए जाने वाले पंचायत विकास शिविर के क्रम में आज जिलाधिकारी, खगड़िया श्री विक्रम विरकर के निर्देशानुसार जिले के सभी प्रखंडों की विभिन्न पंचायतों में पंचायत विकास शिविर का सफल आयोजन किया गया।
खगड़िया प्रखंड अंतर्गत बेलासिमरी पंचायत में आयोजित शिविर में जिलाधिकारी श्री विक्रम विरकर ने स्वयं उपस्थित होकर कार्यक्रम का निरीक्षण किया एवं आमजनों से संवाद स्थापित किया। शिविर की अध्यक्षता संबंधित पंचायत के माननीय मुखिया द्वारा की गई। इस अवसर पर प्रखंड स्तरीय एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
आज आयोजित पंचायत विकास शिविर की थीम “महिला हितैषी पंचायत” रही। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याओं एवं सुझावों से प्रशासन को अवगत कराया।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई तथा पात्र लाभुकों को आवश्यक सेवाएं एवं लाभ प्रदान किए गए। साथ ही, मद्यनिषेध अभियान के प्रभावी प्रचार-प्रसार एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से शराबबंदी के सामाजिक एवं पारिवारिक महत्व का संदेश आमजन तक पहुँचाया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायत विकास शिविर के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से सुनिश्चित किया जाए तथा प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का त्वरित निष्पादन किया जाए।

Join us on: