रिपोर्ट :- संतोष चौहान!
किशनपुर थाना क्षेत्र में एक अज्ञात महिला का सिर कटा शव बरामद, फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची, जांच-पड़ताल शुरू
सुपौल :- किशनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वी कोशी तटबंध के स्पर संख्या-49 के निकट कसबन्नी जंगल से एक अज्ञात महिला का सिर कटा शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है। शव की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार जंगल में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर उमड़ पड़ी। शव का सिर गायब होने के कारण घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि महिला की हत्या कर शव को जंगल में फेंक दिया गया है, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि शव कहीं और से लाकर यहां छोड़ा गया हो सकता है। इस तरह के कई कयाश लोगों द्वारा लगाया जा रहा है।
वहीं इस मामले की सूचना मिलते ही किशनपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र करने में जुटी है।
किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि अभी तक शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने और साक्ष्य मिलने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।



