आरा/आशुतोष पाण्डेय
शाहपुर के राजकीय डिग्री महाविद्यालय में चला नशा मुक्ति जागरूकता अभियान
रैली निकालकर छात्र-छात्राओं व शिक्षकों ने लिया नशा न करने का संकल्प
आरा 25 जून। श्री त्रिदंडी देव राजकीय डिग्री महाविद्यालय, गौतम नगर, शाहपुर में गुरुवार को “नशा मुक्त भारत अभियान – विकसित भारत की पहचान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जागरूकता रैली के साथ हुई, जिसमें राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों, शिक्षकों एवं कॉलेज कर्मियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया और समाज को नशा मुक्त बनाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) गुलाब फलाहारी ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग ही देश का भविष्य है, इसलिए उन्हें सही दिशा में जागरूक करना बेहद जरूरी है, ताकि एक सशक्त, स्वस्थ और जागरूक समाज का निर्माण हो सके।
कार्यक्रम के दौरान एनएसएस के स्वयंसेवकों ने नशा न करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि नशा मुक्त भारत सप्ताह के तहत यह अभियान 17 जून से 26 जून तक चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में जाकर बच्चों एवं युवाओं को मादक पदार्थों के दुरुपयोग से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि यदि युवाओं को समय रहते नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताया जाए, तो उन्हें इस बुराई से दूर रखा जा सकता है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने नशा मुक्त समाज बनाने के लिए सामूहिक रूप से जागरूकता फैलाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर डॉ. आस्था कुमारी, डॉ. दिनेश कुमार, डॉ. मनीष कुमार, डॉ. शेर सिंह, डॉ. नवल किशोर प्रसाद, डॉ. रणधीर कुमार सिंह, डॉ. संतोष कुमार तिवारी, डॉ. बुद्धदेव राम, अजीत कुमार राम, डॉ. रूपेश कुमार, डॉ. भगवान मिश्रा, डॉ. अबुल कलाम, डॉ. राजेश कुमार सहित कॉलेज कर्मियों में राजन तिवारी, चंदन तिवारी, दीपक, प्रदीप मिश्रा तथा स्वयंसेवकों में रंजय यादव, राकेश यादव, प्रिंस मिश्रा, पिंकी कुमारी, खुशबू कुमारी, काजल, सीलू, लक्ष्मी समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



