रिपोर्ट- बिकास कुमार!
सिमरी बख्तियारपुर के मुख्य बाजार स्थित बड़ी दुर्गा स्थान गली में गुरुवार अहले सुबह भीषण अगलगी की घटना से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने से मु. आतिफ की सिलाई मशीन की दुकान और चंचल देवी की कपड़ा दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई। इस हादसे में करीब 16 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब तीन बजे गश्त कर रहे चौकीदारों ने दुकानों से धुआं निकलता देखा और शोर मचाकर स्थानीय लोगों को सूचना दी। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैल गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना की सूचना पर बख्तियारपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद प्रभावित परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।




