:- रवि शंकर अमित!
अति पिछड़ा सम्मेलन में जुटा जनसैलाब, सामाजिक न्याय और विकास पर जोर
अति पिछड़ों के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है भाजपा : डॉ. प्रमोद चंद्रवंशी
मोदी सरकार ने गरीबों और अति पिछड़ों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा : प्रमोद चंद्रवंशी
पटना, 22 जून। राजधानी पटना स्थित श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित अभिनंदन सह आभार समारोह एवं अति पिछड़ा सम्मेलन में बिहार सरकार के खान, भूतत्व एवं कला-संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अपने कार्यों और नीतियों से यह साबित कर दिया है कि गरीब, वंचित, पिछड़े और अति पिछड़े समाज का वास्तविक हितैषी यदि कोई राजनीतिक दल है तो वह भाजपा है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने वर्षों तक यह भ्रम फैलाया कि भाजपा केवल बड़े लोगों की पार्टी है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने इस मिथक को पूरी तरह समाप्त कर दिया।
इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी शामिल हुए और लोगों को संबोधित किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. चंद्रवंशी ने कहा कि देश ने पहली बार एक गरीब परिवार के बेटे को प्रधानमंत्री के रूप में देखा, जिसने सत्ता में आने के बाद गरीबों के सम्मान और अधिकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों गरीबों के बैंक खाते खुलवाकर उन्हें देश की आर्थिक व्यवस्था से जोड़ा। इसके साथ ही उज्ज्वला योजना के तहत माताओं-बहनों को धुएं से मुक्ति दिलाई गई, हर घर बिजली पहुंचाई गई तथा करोड़ों परिवारों को शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की सभी प्रमुख योजनाओं का सबसे अधिक लाभ अति पिछड़े, पिछड़े, दलित और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को मिला है। भाजपा की सरकार ने विकास को केवल नारे तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम किया है। यही कारण है कि आज समाज का हर वर्ग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त कर रहा है।
डॉ. चंद्रवंशी ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर के नाम पर वर्षों तक राजनीति करने वाले लोगों ने उन्हें वह सम्मान नहीं दिया जिसके वे वास्तविक हकदार थे। मोदी सरकार ने कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न प्रदान कर न केवल एक महान समाजवादी नेता का सम्मान किया, बल्कि करोड़ों गरीब और वंचित लोगों के आत्मसम्मान को भी नई ऊंचाई दी। उन्होंने कहा कि ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर केंद्र सरकार ने पिछड़ा समाज को मजबूत आधार प्रदान किया है। वहीं बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कर उनके विचारों और योगदान को स्थायी सम्मान दिया गया है।
मंत्री ने कहा कि अति पिछड़ा सम्मेलन सामाजिक सशक्तिकरण, राजनीतिक भागीदारी और विकास के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। सम्मेलन में नव निर्वाचित अति पिछड़ा वर्ग के विधान परिषद सदस्यों का अभिनंदन किया गया तथा भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री राजभूषण निषाद, सांसद राधामोहन सिंह, सांसद प्रदीप सिंह, राज्यसभा सांसद शंभूशरण पटेल, राज्यसभा सांसद धर्मशीला देवी, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रमा निषाद, आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री रामचंद्र प्रसाद सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में अति पिछड़ा समाज के लोग उपस्थित रहे।



