:- रवि शंकर अमित!
बिहार सरकार
सहकारिता विभाग
नारी समृद्धि और नारी शक्ति स्वरोजगार योजना से होगा महिलाओं का आर्थिक सशक्तीकरण : माननीय मंत्री सहकारिता विभाग श्री रामकृपाल यादव
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में सहकारिता विभाग और बिहार राज्य सहकारी बैंक निभाएगा बड़ी भूमिका
अब राज्य के सहकारी बैंकों में महिलाओं को उनकी बचत पर मिलेगा बेहतर रिटर्न,लोन पर मिलेगी विशेष छूट
पटना, 20, जून।
सरकार का प्रयास है कि गांव-गांव तक हर महिला के पास अपना बैंक खाता, अपनी बचत हो और अपना रोजगार हो। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए बिहार राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड के माध्यम से नारी समृद्धि और नारी शक्ति स्वरोजगार योजना शुरू की गई है। यह योजना न सिर्फ महिलाओं की कमाई को सुरक्षा और बेहतर रिटर्न देगी बल्कि उनके सपनों को कारोबार में बदलेगी। बिहार की महिलाएं अब सिर्फ घर की लक्ष्मी नहीं बल्कि अर्थव्यवस्था की भी रीढ़ बनेंगी।
माननीय मंत्री सहकारिता विभाग श्री राम कृपाल यादव ने कहा कि नारी समृद्धि योजना महिलाओं की वित्तीय आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई विशेष पहल है। इसके तहत महिलाएं अपनी मेहनत की कमाई को सहकारी बैंक में सुरक्षित रख सकेंगी और जमा राशि पर सामान्य खातों की तुलना में बेहतर रिटर्न प्राप्त कर सकेंगी। 1 से 10 वर्ष की अवधि के लिए सावधि जमा पर 7.30% और महिला वरिष्ठ नागरिकों को 7.55% तक का विशेष प्रीमियम ब्याज मिलेगा। न्यूनतम जमा राशि 5,000 रुपये रखी गई है। योजना के तहत निःशुल्क रुपे डेबिट कार्ड दिया जाएगा जिस पर कोई वार्षिक रख-रखाव शुल्क नहीं लगेगा। साथ ही पैक्स और बैंक मित्रों के माध्यम से डोर स्टेप बैंकिंग सुविधाएं भी दी जाएंगी। पासबुक, एसएमएस अलर्ट और एनईएफटी या आरटीजीएस जैसी सभी सेवाएं निःशुल्क मिलेंगी। डीआईसीजीसी द्वारा 5 लाख रुपये तक का बीमा कवर भी सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करेगा। योजना का उद्देश्य महिलाओं को बचत के लिए प्रोत्साहित कर उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना है।
माननीय सहकारिता मंत्री श्री राम कृपाल यादव ने कहा कि, “नारी शक्ति स्वरोजगार योजना” महिला उद्यमियों को ध्यान में रखकर बनाई गई है। इस योजना के अंतर्गत स्वरोजगार शुरू करने या व्यवसाय विस्तार के लिए लोन लेने पर महिलाओं को ब्याज दर में विशेष छूट दी जाएगी। बिहार राज्य सहकारी बैंक द्वारा ब्याज पर रियायत का प्रावधान किया गया है, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं अपना उद्यम स्थापित कर सकें और आत्मनिर्भर बन सकें। इसके तहत तीन श्रेणियों में लोन की सुविधा मुहैया कराई जा रही है। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है। 2 लाख रुपये तक के ऋण के लिए किसी गारंटी या सिक्योरिटी की जरूरत नहीं है। बैंक द्वारा ट्रेनिंग और डिजिटल मार्केटिंग में भी सहयोग किया जाएगा।
इच्छुक महिलाएं नजदीकी बिहार राज्य सहकारी बैंक शाखा से संपर्क कर योजनाओं का लाभ ले सकती हैं।




