भोजपुर- लूटपाट का विरोध करने पर चाय दुकानदार को मार दी गोली, हालत गंभीर!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय!

भोजपुर जिले के हसनबाजार थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने घर लौट रहे एक चाय दुकानदार को गोली मारकर जख्मी कर दिया। वारदात के बाद अपराधियों ने दुकानदार के गले से सोने की चेन व लॉकेट छीन लिया और विरोध करने पर हथियार के बट से मारपीट करते हुए फरार हो गए। जख्मी दुकानदार का इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, हसनबाजार थाना क्षेत्र के सहेजनी गांव निवासी राजगोबिंद साह के पुत्र मुन्ना साह बाजार में चाय की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार की देर रात वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सहेजनी गांव के समीप पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उन पर हमला बोल दिया। अपराधियों ने मुन्ना साह को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन और लॉकेट छीन लिया। बताया जाता है कि विरोध करने पर अपराधियों ने हथियार के बट से मारपीट भी की।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से जख्मी दुकानदार को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
इधर, जख्मी मुन्ना साह के फर्द बयान के आधार पर हसनबाजार थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अपने गुप्तचरों को सक्रिय कर दिया है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Join us on: