रिपोर्ट- सुमित कुमार!
-मुंगेर जिले के तारापुर नगर पंचायत की सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर शुक्रवार को तारापुर अनुमंडल सभागार में निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। निर्वाचन प्रक्रिया निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ राकेश रंजन कुमार की देखरेख में कराई गई। समिति के तीन पदों के लिए वार्ड पार्षद रोमित राज, नितेश कुमार एवं शुभम कुमार ने नामांकन दाखिल किया। निर्धारित समय सीमा तक किसी अन्य वार्ड पार्षद द्वारा नामांकन दाखिल नहीं किए जाने के कारण तीनों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
निर्वाची पदाधिकारी राकेश रंजन कुमार ने बताया कि सुबह 8 बजे से 10 बजे तक नामांकन का समय निर्धारित था। सदस्य संख्या-1 के लिए वार्ड 11 के पार्षद रोमित राज, सदस्य संख्या-2 के लिए वार्ड 17 के पार्षद नितेश कुमार तथा सदस्य संख्या-3 के लिए वार्ड 6 के पार्षद शुभम कुमार ने नामांकन पत्र दाखिल किया। सभी नामांकन पत्रों की जांच की गई, जिसमें किसी प्रकार की त्रुटि नहीं पाई गई। इसके बाद तीनों उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। निर्वाचन की घोषणा के बाद तीनों सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
नवनिर्वाचित सदस्य रोमित राज ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, जलनिकासी एवं पेयजल समस्या का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने बताया कि पीएचडी मोटर खराब होने से उत्पन्न पेयजल संकट को लेकर कार्यपालक पदाधिकारी से बात की गई है और जल्द समाधान का प्रयास किया जाएगा। वहीं नितेश कुमार ने कहा कि नगर के सभी वार्डों में सड़क, गली, नाली, सफाई एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। लंबित विकास योजनाओं को भी जल्द धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा।
नवनिर्वाचित सदस्य शुभम कुमार ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के विकास के लिए सभी वार्ड पार्षदों को साथ लेकर कार्य किया जाएगा। जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसका पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे।
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान बीडीओ प्रशांत कुमार, बीपीआरओ गौतम भारती, बीएओ सीताराम सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। निर्विरोध निर्वाचन के बाद कार्यपालक पदाधिकारी सोनाली प्रिया, मुख्य पार्षद नीलम देवी एवं उप मुख्य पार्षद पिंटू साह ने तीनों निर्वाचित सदस्यों को बुके देकर सम्मानित किया और बधाई दी।
बाइट-रोमित राज वार्ड पार्षद
बाइट-नीतेश कुमार वार्ड पार्षद
बाइट-राकेश रंजन कुमार निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ



