आरा/आशुतोष पाण्डेय
आरा/सहार प्रखंड क्षेत्र के चौरी गांव में शुक्रवार की सुबह आए तेज़ आंधी–पानी के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक ही घर के चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। अचानक बदले मौसम ने ग्रामीणों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7 बजे के आसपास आई तेज़ गर्जना के साथ बिजली चौरी निवासी चौठारी राम के फूसनुमा घर पर गिर गई। बिजली गिरने के झटके से घर में मौजूद परिजन बुरी तरह झुलस गए।
घटना में चौठारी राम की 36 वर्षीय पत्नी बतेसरा देवी, 14 वर्षीय पुत्री गोरकी कुमारी, भाई जानकी राम की 30 वर्षीय पत्नी गीता देवी तथा 10 वर्षीय पुत्री लक्ष्मीणा कुमारी गंभीर रूप से जख्मी हो गईं।
घटना के बाद अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों व परिजनों की मदद से चारों घायलों को तुरंत इलाके के मोपती प्राइवेट क्लिनिक में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि अचानक बिजली गिरने की आवाज़ इतनी तेज़ थी कि आसपास कई घरों की दीवारें तक कांप उठीं। फिलहाल सभी घायलों की स्थिति पर चिकित्सक नज़र बनाए हुए हैं।




