रिपोर्ट – सुमित कुमार!
मुंगेर जिले असरगंज थाना क्षेत्र के सुल्तानगंज-देवघर मुख्य मार्ग स्थित मासूमगंज तरबना पोखर के समीप गुरुवार की रात एक भीषण सड़क हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ई-रिक्शा और इंडिका कार की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में हुआ। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही असरगंज थाना की गश्ती टीम के साथ सर्किल इंस्पेक्टर विवेक राज, थाना अध्यक्ष विपुल कुमार, पीटीसी जयवंत कुमार एवं चंदन कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र असरगंज लाया गया, जहां डॉ. निधि कुमारी ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया।
मृतक की पहचान सुल्तानगंज प्रखंड के बाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत धाधी बेलारी निवासी विष्णु देव यादव के 27 वर्षीय पुत्र विभाष कुमार के रूप में हुई। वहीं घायलों में असरगंज बाजार निवासी योगेंद्र पोद्दार के परिवार के तीन सदस्य — शांति देवी, सोनी कुमारी एवं कुमार मार्तंड शामिल हैं। इसके अलावा संग्रामपुर थाना क्षेत्र के जाला दुर्गापुर निवासी आलोक कुमार और नीतीश कुमार भी गंभीर रूप से घायल हैं।
घायल नीतीश कुमार ने बताया कि वे लोग ई-रिक्शा से सुल्तानगंज से असरगंज आ रहे थे, तभी तेज रफ्तार इंडिका कार ने सामने से टक्कर मार दी। इधर मृतक की पहचान होते ही अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
बाइट-आलोक कुमार घायल
बाइट-नीतीश कुमार मृतक का भाई
बाइट राजीव स्थानीय ग्रामीण




