जहानाबाद- गर्मी से बढी लोगों की परेशानी, लू लगने से मजदूर की मौत!

SHARE:

रिपोर्ट – पंकज कुमार!

जहानाबाद जिले में भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान का असर अब लोगों की जिंदगी पर पड़ने लगा है। कल्पा थाना क्षेत्र में एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने लू लगने से मौत की आशंका जताई है, हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना जहानाबाद प्रखंड के कल्पा थाना से सटे चौराहे के पास की है, जहां एक व्यक्ति सड़क किनारे पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने जब उसके पास जाकर देखा तो उसकी सांसे थम चुकी थीं। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना कल्पा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आनंद कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में व्यक्ति को इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान लगभग 45 वर्षीय संजय कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके दो बच्चे हैं, जो बाहर रहते हैं। परिजनों के अनुसार संजय कुमार रोज की तरह सुबह घर से मजदूरी करने निकले थे। कल्पा थाना क्षेत्र में चल रहे भवन निर्माण कार्य में वह मजदूरी किया करते थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि काम के दौरान वह अचानक गिर पड़े थे। काफी देर तक जब वह दिखाई नहीं दिए तो लोगों ने खोजबीन शुरू की। बाद में उन्हें बेहोशी की हालत में पाया गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। परिजन ने कहा कि घर से बिल्कुल ठीक निकले थे। इतनी गर्मी में काम करने गए थे। हमें लगता है कि लू लगने से उनकी मौत हुई है।” डॉक्टर ने कहा कि व्यक्ति को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। शरीर पर किसी तरह के गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं, हालांकि शरीर कुछ झुलसा हुआ प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने लू लगने की आशंका जताई है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि की जा सकेगी।फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Join us on: