रिपोर्ट-विक्रम उपाध्याय/खगड़िया
खगड़िया के मछुआरों को मिली बड़ी सौगात
खगड़िया, 27 मई 2026 — राज्य सरकार द्वारा संचालित राज्य योजना अंतर्गत नाव-जाल पैकेज वितरण योजना के तहत आज खगड़िया जिले के 08 मछुआरों को 90 प्रतिशत अनुदान पर फिशिंग उडेन बोट उपलब्ध कराया गया। साथ ही 42 मछुआरों के बीच फेंका जाल एवं आइस बॉक्स का वितरण किया गया।
समाहरणालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में माननीय विधायक खगड़िया बबलु मंडल, माननीय विधायक परबत्ता बाबुलाल शौर्य तथा जिलाधिकारी नवीन कुमार की उपस्थिति में लाभुकों को सामग्री प्रदान की गई।
योजना के अंतर्गत लाभुकों को फिशिंग उडेन बोट के साथ लाइफ जैकेट, आइस बॉक्स एवं लाइफ रॉफ्ट भी उपलब्ध कराया गया। वहीं फेंका जाल योजना के तहत एक फेंका जाल एवं आइस बॉक्स दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि राज्य सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना पारंपरिक मछुआरों एवं मत्स्यजीवी सहयोग समिति के सदस्यों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे मत्स्य उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि होने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य मछुआरों को उनके पेशा के अनुरूप आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उनकी आय एवं जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार लाना है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी धनंजय कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी विवेक सुगंध, जिला मत्स्य पदाधिकारी लाल बहादुर साफी, मत्स्य प्रसार पदाधिकारी नवीन कुमार सहित मत्स्य विभाग के पदाधिकारी, कर्मी एवं लगभग 100 मत्स्यजीवी सहयोग समिति के सदस्य, प्रतिनिधि एवं मत्स्यपालक उपस्थित रहे।



