आरा/आशुतोष पाण्डेय
भोजपुर जिले के पवना थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सीएसपी संचालक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठे उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना पवना फ्यूल पंप के समीप हुई, जहां पेट्रोल लेकर निकल रहे बाइक सवार को तेज रफ्तार टेलर ने रौंद दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही सीएसपी संचालक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान पवना थाना क्षेत्र के पवार गांव निवासी राकेश कुमार राय (32 वर्ष), पिता कमलेश कुमार राय, के रूप में हुई है। राकेश पवना में ही अपना सीएसपी चलाते थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तुरंत अस्पताल भेजा, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
इधर, मृतक के भाई ने घटना के बाद स्थानीय विधायक सहित जिले के पुलिस अधीक्षक को कई बार फोन लगाया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि “इस सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है, आम लोगों की सुनने वाला कोई नहीं है।”
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, वहीं टेलर चालक फरार बताया जा रहा है।



