नवादा / सोनू सिंह ।
नवादा, जिले के सिरदला थाना क्षेत्र में हुए लूट कांड का पुलिस ने महज 10 दिनों के अंदर सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही लूटे गए सामान को भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 16 मई 2026 को खुरैठे रेलवे स्टेशन के पास स्थित कुम्भियातरी जंगल में अपराधियों ने राहुल कुमार के साथ मारपीट कर उनका कैमरा, ड्रोन और मोबाइल लूट लिया था। घटना के बाद पीड़ित के आवेदन पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने लगातार छापेमारी और सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुड्डू कुमार (20 वर्ष) और मिथिलेश कुमार उर्फ गोलू (21 वर्ष), दोनों निवासी शेरपुर, थाना सिरदला, जिला नवादा के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर लूटे गए 2 कैमरा, 1 ड्रोन और 3 मोबाइल भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। फिलहाल दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।




