:- रवि शंकर अमित!
उद्योग विभाग, बिहार सरकार
₹62.27 करोड़ के निवेश से IA बरियारपुर में स्थापित होगी आधुनिक PEB Fabrication Unit
Experia Prefaxo Pvt. Ltd. की परियोजना से 400 युवाओं को मिलेगा रोजगार, बिहार में औद्योगिक एवं विनिर्माण गतिविधियों को मिलेगी नई गति
पटना : बिहार में औद्योगिक निवेश को नई गति देते हुए औद्योगिक क्षेत्र बरियारपुर (IA Bariyarpur) में ₹62.27 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक PEB Fabrication Material निर्माण इकाई स्थापित की जाएगी। Experia Prefaxo Pvt. Ltd. द्वारा स्थापित की जाने वाली इस इकाई से राज्य में लगभग 400 युवाओं के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने का अनुमान है। यह परियोजना बिहार में औद्योगिक अवसंरचना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ आधुनिक विनिर्माण गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस संबंध में बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (BIADA) की परियोजना स्वीकृति समिति (PCC) की बैठक उद्योग विभाग के सचिव सह प्रबंध निदेशक, बियाडा एवं आईडा, श्री कुंदन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पात्र आवेदकों को राज्य के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में भूमि एवं प्लग एंड प्ले शेड्स आवंटित करने के प्रस्तावों पर स्वीकृति प्रदान की गई। इसी क्रम में Experia Prefaxo Pvt. Ltd. को IA बरियारपुर में 5 एकड़ भूमि पर PEB Fabrication Material निर्माण इकाई स्थापित करने की स्वीकृति दी गई।
प्रस्तावित परियोजना राज्य में औद्योगिक एवं निर्माण क्षेत्र को नई ऊर्जा प्रदान करेगी। इसके माध्यम से स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा युवाओं के लिए कौशल आधारित रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी। साथ ही, बिहार में आधुनिक औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र के विकास को भी मजबूती मिलेगी।
माननीय उद्योग मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि राज्य में स्वीकृत हो रही नई औद्योगिक परियोजनाएँ बिहार के औद्योगिक एवं तकनीकी विकास को नई दिशा प्रदान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार एवं कौशल आधारित अवसर सृजित होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण विकसित करते हुए राज्य को आधुनिक औद्योगिक एवं विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उद्योग विभाग के सचिव सह बियाडा एवं आईडा के प्रबंध निदेशक श्री कुंदन कुमार ने कहा कि राज्य सरकार संतुलित एवं समग्र औद्योगिक विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि BIADA के माध्यम से पारदर्शी एवं समयबद्ध प्रक्रिया के तहत निवेशकों को औद्योगिक भूखंड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही, सुदृढ़ अवसंरचना, बेहतर कनेक्टिविटी, सुगम प्रक्रियाएँ एवं नीतिगत सहयोग के माध्यम से निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि परियोजनाओं का त्वरित एवं प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।




