:- रवि शंकर अमित!
पटना जिला अंतर्गत बाढ़ स्टेशन परिसर के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुराने टिकट काउंटर के पास एक पति को उसकी पहली पत्नी ने दूसरी पत्नी के साथ देख लिया। जिसको लेकर बीच सड़क जमकर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। पूरा मामला धोखेबाजी और दूसरी शादी से जुड़ा हुआ है। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई और करीब एक घंटे तक बीच सड़क पर हंगामा चलता रहा।
जानकारी के अनुसार, नालंदा जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र के रहने वाले सोनू कुमार ने करीब 14 साल पहले सकसोहरा थाना क्षेत्र के भागाबीघा गांव में धूमधाम से शादी रचाई थी। इस शादी से उनकी एक 12 साल की बेटी भी है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से घर में लगातार पारिवारिक कलह चल रही थी, जिससे तंग आकर सोनू ने अपने परिवार का साथ छोड़ दिया। इसके बाद उसने खुद को कुंवारा बताते हुए दो दिन पहले ही वट सावित्री पूजा के अवसर पर एक दूसरी लड़की से शादी रचा ली। सोनू की यह दूसरी पत्नी एनटीपीसी थाना क्षेत्र के रैली गांव की रहने वाली है और उसे भी पहले से दो साल का एक बच्चा है।
शादी के बाद सोनू अपनी नई नवेली दूसरी पत्नी के साथ बाढ़ रेलवे स्टेशन परिसर के पास घूम रहा था। इसी दौरान किसी स्थानीय व्यक्ति ने उसे वहां देख लिया और इसकी गुप्त सूचना तुरंत उसकी पहली पत्नी के मायके वालों को दे दी। जानकारी मिलते ही पहली पत्नी के दर्जनों परिजन आक्रोशित होकर बाढ़ स्टेशन परिसर पहुंच गए। उन्होंने सोनू को रंगे हाथों उसकी दूसरी पत्नी के साथ पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने बीच सड़क पर ही सोनू की जमकर कुटाई कर दी।
इस हंगामे को देखकर दूसरी पत्नी घबरा गई और मौका पाकर वहां से भाग गई। परिजनों ने सोनू को जमकर पीटने के बाद उसका कॉलर पकड़ा और जबरन एक ई-रिक्शा पर बिठाकर उसे सकसोहरा थाना क्षेत्र की ओर लेकर चले गए। इस पूरे ड्रामे के दौरान हैरान करने वाली बात यह रही कि स्टेशन जैसे व्यस्त इलाके में एक घंटे तक यह सब चलता रहा, लेकिन न तो स्थानीय पुलिस और न ही रेल पुलिस या रेलवे सुरक्षा बल का कोई जवान मौके पर पहुंचा।




