आरा/आशुतोष पाण्डेय
भोजपुर जिले में शराब माफिया का दबदबा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में धोबहा ओपी थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में शराब कारोबार से जुड़े लोगों द्वारा युवती काजल कुमारी से छेड़खानी और विरोध करने पर उसके भाई नीरज कुमार की बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है।
घटना के अनुसार, सलेमपुर गांव निवासी सुरेश साह की बेटी के साथ गांव के ही शराब के अवैध कारोबार में शामिल कुछ युवकों ने छेड़खानी की। जब लड़की के भाई नीरज ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उस पर और बहन पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पिटाई में युवक और उसकी बहन लहूलुहान हो गई, जिसके बाद परिजनों ने दोनों को उसे तुरंत आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में शराब माफिया सक्रिय हैं और आए दिन विवाद की स्थिति बनी रहती है। फिलहाल घटना की जानकारी मिलते ही धोबहा ओपी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से इलाके में शराब माफिया पर कड़ा शिकंजा कसने और पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।



