रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
अतिक्रमण हटाने, सहयोग शिविर की सफलता एवं छोटे जमीनी विवादों के त्वरित निपटारे पर विशेष जोर
पंचायत स्तर पर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समन्वय से आमजनों को मिलेगा त्वरित लाभ
ऐंकर– मधुबनी जिलाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिले के मुखिया एवं सरपंच संघ के प्रखंड अध्यक्षों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में जनसरोकार से जुड़े विषयों, विशेषकर सार्वजनिक स्थलों एवं सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नाला, सार्वजनिक मार्ग एवं अन्य सर्वजन उपयोगी स्थलों पर होने वाले अतिक्रमण को हटाने में प्रशासन के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग आवश्यक है, ताकि आम लोगों को सुगम आवागमन एवं बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
बैठक में पंचायत स्तर पर प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को आयोजित होने वाले “सहयोग शिविर” की सफलता को लेकर भी व्यापक विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि यह शिविर आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने सभी मुखिया एवं सरपंच प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाएं, ताकि ग्रामीण जनता इसका लाभ उठा सके।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि शिविर में आने वाले परिवादियों की समस्याओं का त्वरित एवं संवेदनशील समाधान सुनिश्चित किया जाए। खासकर छोटे-छोटे जमीनी विवादों का स्थानीय स्तर पर समयबद्ध निष्पादन अत्यंत आवश्यक है, ताकि अनावश्यक तनाव एवं लंबित विवादों को रोका जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने से पंचायत स्तर पर विकास कार्यों में तेजी आएगी तथा आमजनों का शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत होगा। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता की अपेक्षा की।
बैठक में संबंधित पदाधिकारी, विभिन्न प्रखंडों के मुखिया संघ एवं सरपंच संघ के प्रतिनिधि उपस्थित थे।उक्त बैठक में पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार,जिला पंचायती राज पदाधिकारी राकेश कुमार सहित कई अधिकारी भी उपस्थित थे।



