रिपोर्ट- मिथुन कुमार!
ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी राजगीर में रविवार से शुरू हुए प्रसिद्ध मलमास मेले में पहले ही दिन सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जहां प्रशासन ने 3000 से अधिक अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती का दावा किया था, वहीं अब एक वायरल वीडियो ने पूरे पुलिस महकमे की किरकिरी करा दी है।
मामला मेले में लगे शोभा सम्राट थिएटर का है, जहां ड्यूटी पर तैनात कुछ पुलिसकर्मी सुरक्षा छोड़ बार बालाओं का डांस देखने में मशगूल नजर आए। इतना ही नहीं, वर्दीधारी जवान VIP सीटों पर बैठकर मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करते भी दिखाई दिए।
बताया जा रहा है कि जब मेले की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे मीडियाकर्मियों की नजर इन पुलिसकर्मियों पर पड़ी, तो थिएटर में हड़कंप मच गया। कैमरा ऑन होते ही कई जवान चेहरा छिपाकर बाहर भागते नजर आए।
गौरतलब है कि इस बार राजगीर मलमास मेले में मनोरंजन के लिए तीन बड़े थिएटर लगाए गए हैं। वायरल वीडियो के बाद श्रद्धालुओं में भी नाराजगी देखी जा रही है।
वहीं मामले पर राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि फिलहाल उन्हें इस वीडियो की जानकारी नहीं है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




