भोजपुर- बिहिया में विवाहिता की हत्या मामला: तीन दिन बाद गंगा किनारे से बोरे में मिला शव, इलाके में सनसनी!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय

भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के तेघरा गांव में एक विवाहिता की हत्या कर उसके शव को बोरे में भरकर गंगा नदी में फेंक देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के तीन दिन बाद रविवार की दोपहर धोबहा थाना क्षेत्र के सलेमपुर श्मशान घाट स्थित गंगा नदी किनारे से शव बरामद किया गया। शव बरामद होने के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मृतका की पहचान तेघरा गांव निवासी छोटका तुरहा की 30 वर्षीया पत्नी रेणु देवी के रूप में हुई है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो शव बोरे में बंद मिला, जिसमें मिट्टी भी भरी हुई थी। शव काफी फूला हुआ था और उसका चमड़ा तक उखड़ा पाया गया, जिससे प्रतीत होता है कि हत्या कर शव को कई दिन पूर्व नदी में फेंका गया था।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि दहेज के पैसे की लगातार मांग को लेकर रेणु देवी के पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी हत्या की है। आरोप है कि हत्या के बाद मामले को छिपाने के इरादे से शव को बोरे में भरकर उसमें मिट्टी भर दी गई और गंगा नदी में फेंक दिया गया।
शव मिलने की सूचना फैलते ही सलेमपुर और आस-पास के इलाकों में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, परिजनों के बयान पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। दहेज हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए पति सहित ससुराल पक्ष के लोगों की संलिप्तता की जांच जारी है।

Join us on: