आरा/आशुतोष पाण्डेय#
पति की लंबी उम्र की कामना के लिए मनाया जाने वाला वट सावित्री व्रत शनिवार को जिलेभर में धूमधाम से मनाया गया। सुबह से महिलाएँ वट वृक्ष के नीचे पूजा-अर्चना और कथा श्रवण में जुटी थीं। इसी क्रम में भोजपुर जिले के अखगांव बाजार के समीप आयोजित वट वृक्ष पूजा स्थल पर अचानक अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूजा के दौरान कुछ महिला व्रतियों की लापरवाही से पूजा सामग्री में आग लग गई। देखते ही देखते आग भड़क उठी, जिसके बाद मौके पर मौजूद महिलाओं में भगदड़ मच गई। हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता से आग को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया और बड़ी घटना टल गई।
घटना की सूचना पर स्थानीय प्रशासन भी मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन घटना से महिलाएँ काफी डरी-सहमी नजर आईं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पूजा स्थलों पर सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने की मांग की है।




