रिपोर्ट- अमित कुमार!
पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित बोरिंग कैनल रोड पर “सोना दो पैसा लो” प्रतिष्ठान में भीषण चोरी की वारदात सामने आई है। शातिर चोरों ने देर रात दुकान का शटर काटकर करीब 7 किलो चांदी और 5 लाख नकद चोरी कर लिया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। प्रतिष्ठान के ऑनर आशीष ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के अनुसार रात 2:39 बजे दो युवक दुकान के बाहर पहुंचे और शटर काटकर अंदर घुस गए। चोरों ने सबसे पहले बाहर लगे कैमरे को घुमा दिया ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें। दोनों ने चेहरे पर नकाब पहन रखा था। दुकान के अंदर घुसने के बाद बदमाश तिजोरी ही उठाकर फरार हो गए। ऑनर के मुताबिक तिजोरी में लगभग 7 किलो चांदी और 5 लाख कैश रखा हुआ था। वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार चांदी की कीमत करीब 2.65 लाख प्रति किलो बताई जा रही है। ऐसे में कुल चोरी लगभग 22 लाख रुपये की आंकी जा रही है। घटना के बाद प्रतिष्ठान की ओर से बुद्धा कॉलोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। वहीं, ऑनर ने इलाके में पुलिस गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह काफी रिहायशी इलाका है और दुकान के ऊपर एसबीआई का कार्यालय भी स्थित है, इसके बावजूद इतनी बड़ी चोरी हो गई। फिलहाल बुद्धा कॉलोनी थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुट गई है। आसपास के लिंक रोड और आने-जाने वाले रास्तों पर लगे कैमरों की भी जांच की जा रही है।
बाइट–आशीष कुमार प्रतिष्ठान ऑनर




