बाढ़- विद्युत कर्मी की करंट लगने से मौत, शव के साथ सड़क जाम कर हँगामा!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

बख्तियारपुर नगर क्षेत्र में सोमवार की देर रात एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां बिजली के तार की चपेट में आने से एक बिजली मिस्त्री (मानव बल) की मौत हो गई। मृतक की पहचान दिनेश प्रसाद के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, दिनेश प्रसाद सोमवार की रात नगर क्षेत्र में बिजली से जुड़े किसी कार्य को अंजाम दे रहे थे, तभी अचानक वह हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गए। करंट का झटका इतना जोरदार था कि उनकी मौके पर ही जान चली गई। इस घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक का फ़ाइल फोटो


मंगलवार की सुबह इस दुखद घटना को लेकर परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने और विभाग की लापरवाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने दिनेश प्रसाद के शव को बख्तियारपुर स्थित बिजली विभाग के कार्यालय के सामने मुख्य सड़क पर रख दिया और जोरदार प्रदर्शन करते हुए सड़क को पूरी तरह से जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि जोखिम भरे काम के बावजूद मानव बलों को सुरक्षा के उचित उपकरण मुहैया नहीं कराए जाते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारी आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों को समझा-बुझाकर जाम हटवाने के प्रयास में जुट गए हैं और विभाग से वार्ता कर उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

बाइट – मृतक का पुत्र

Join us on: