नालंदा- एक कट्ठा जमीन के लिए हिंसक झड़प, पड़ोसी ने कर दी शख्स की हत्या!

SHARE:

रिपोर्ट – मिथुन कुमार!

नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के कुबड़ा बीघा गांव में आपसी और जमीनी विवाद ने सोमवार को खूनी रूप ले लिया। मारपीट की इस घटना में 50 वर्षीय कमलेश मांझी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी और तनाव का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कमलेश मांझी और गांव के ही जोगिंदर पासवान के बीच हिंसक झड़प हुई है। सूचना मिलते ही नूरसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कमलेश मांझी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के चचेरे भाई रज्जू मांझी ने बताया कि करीब एक कट्ठा जमीन को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा था। बीती रात शुरू हुआ झगड़ा सोमवार को खूनी संघर्ष में बदल गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जोगिंदर पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

Join us on: