रिपोर्ट : आदित्यानंद आर्य
: सीतामढ़ी जिले में सोमवार की संध्या आई तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के पोल गिरने से आवागमन प्रभावित रहा तथा बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इसी दौरान नगर थाना क्षेत्र के सीतामढ़ी-पुपरी पथ स्थित मालीपुर पकड़ी चौक पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज आंधी के बीच बिजली का पोल गिरने से उसकी चपेट में आकर दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान बाजपट्टी थाना क्षेत्र के कचहरीपुर इस्लामपुर टोला निवासी मो. समत की पत्नी रकीबा खातून एवं बथनाहा थाना क्षेत्र के भलही निवासी मो. अरमान की पत्नी निखत परवीन के रूप में की गई है। वहीं घायल गुलाम हुसैन को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों के अनुसार, रकीबा खातून की तबीयत खराब होने पर उन्हें पकड़ी चौक स्थित निजी क्लीनिक में इलाज के लिए लाया गया था। लौटने के दौरान अचानक आंधी में बिजली का पोल गिर पड़ा, जिससे यह हादसा हुआ। घटना की सूचना पर भासर पिकेट प्रभारी रविकांत कुमार मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बाइट : मृतक के परिजन




