नवादा- नाबालिग द्वारा बेलगाम चलाये जा रहे ट्रैक्टर से पति की मौत पत्नी गंभीर, सड़क जाम कर हँगामा!

SHARE:

रिपोर्ट – सोनू सिंह!

बिहार के नवादा में तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। यह घटना हिसुआ-नवादा रोड पर महुली के पास हुई।

जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी पैदल जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर एक नाबालिग चला रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि पति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान लगभग 50 वर्षीय नवलेश यादव के रूप में हुई है। उनकी पत्नी नूतन देवी गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है। नवलेश यादव के पुत्र बिहार पुलिस में जवान हैं, जिन्हें घटना की सूचना मिलते ही वे अपने गांव के लिए रवाना हो गए हैं।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। गुस्साए ग्रामीणों ने हिसुआ-नवादा रोड को महुली के पास पूरी तरह जाम कर दिया। वे तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों और नाबालिग ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रहा है। हालांकि, स्थानीय लोग अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और जाम हटाने से इनकार कर रहे हैं।

Join us on: